चांदी ने एक बार फिर निवेशकों के लिए खुशखबरी दी और MCX पर पहली बार 1.88 लाख रुपए प्रति किलोग्राम का नया रिकॉर्ड बनाया। मंगलवार, 9 दिसंबर को रात 9 से 10 बजे के बीच घरेलू वायदा बाजार में चांदी की कीमतों में जोरदार उछाल देखा गया और देखते ही देखते यह ऑल टाइम हाई पर पहुँच गई।
मार्च 2026 एक्सपायरी वाली चांदी का लास्ट ट्रेडिंग प्राइस 1,88,300 रुपए प्रति किलोग्राम दर्ज हुआ, जो पिछले क्लोज से 6558 रुपए यानी 3.61% की तेजी है। कारोबार के दौरान चांदी 1,88,500 रुपए के उच्चतम स्तर तक भी पहुंच गई थी। वहीं, पिछले दिन चांदी 1,81,742 रुपए पर बंद हुई थी।
दिल्ली में हुई गिरावट
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में चांदी की कीमत 4,500 रुपए तक गिरकर 1,80,500 रुपए प्रति किलोग्राम पर बंद हुई। ऑल इंडिया सर्राफा एसोसिएशन के अनुसार, यह गिरावट निवेशकों के सतर्क रुख और फेडरल रिजर्व की बैठक से जुड़ी अनिश्चितता का असर है।
बाजार जानकारों का कहना है कि फेड की पॉलिसी आने से पहले ट्रेडर्स किसी बड़े ट्रेंड पर दांव लगाने से बच रहे थे। अंतरराष्ट्रीय बाजार में बॉन्ड यील्ड बढ़ने और डॉलर में संभावित उतार-चढ़ाव ने भी चांदी पर दबाव बढ़ाया।
चांदी की तेजी का कारण
विशेषज्ञों का कहना है कि वैश्विक बाजार में चांदी की बढ़ती मांग, डॉलर की कमजोरी और ब्याज दरों में कटौती की उम्मीद से यह रैली तेज हो रही है। इंडस्ट्रियल डिमांड लगातार बढ़ रही है, जिससे कीमतों को मजबूती मिल रही है।
मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज के कमोडिटी रिसर्च हेड नवीन दमाणी के अनुसार, सिल्वर की तेजी लंबी चलेगी, क्योंकि वैश्विक सप्लाई डेफिसिट लगातार बढ़ रहा है।
उनका अनुमान है कि चांदी 2026 की पहली तिमाही में 2 लाख रुपए और अगले साल के अंत तक 2.4 लाख रुपए प्रति किलोग्राम तक पहुँच सकती है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी चांदी की कीमत 75 डॉलर प्रति औंस तक जा सकती है।
चांदी की कीमतें क्यों बढ़ रही हैं?
चांदी की बढ़ती कीमतों का सबसे बड़ा कारण वैश्विक मांग का लगातार सप्लाई से ज्यादा होना है। वॉशिंगटन स्थित सिल्वर इंस्टीट्यूट के अनुसार, चांदी का ज्यादातर उत्पादन सोना, लेड या जिंक खनन के दौरान बायप्रोडक्ट के रूप में होता है। यानी जब तक इन धातुओं का उत्पादन नहीं बढ़ेगा, चांदी की सप्लाई सीमित ही रहेगी।
इसका मतलब यह है कि मांग लगातार बढ़ रही है, लेकिन सप्लाई सीमित होने के कारण चांदी की कीमतें नई ऊंचाइयों को छू रही हैं। निवेशकों के लिए यह समय बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
1 thought on “Silver Price Today: चांदी ने बनाया नया रिकॉर्ड, MCX पर पहली बार 1.88 लाख प्रति किलोग्राम पार”